September 19, 2024

उत्तरप्रदेश के हिस्ट्री शीटर की पत्नी को छत्तीसगढ़ में मिला राज्यमंत्री का दर्जा और दंतेवाड़ा में बंगला….!

जगदलपुर 23 नवम्बर छत्तीसगढ़ समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य और खुद को राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बताने वाली कल्पना सिंह के पति प्रशांत सिंह को उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कई मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज थे और पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। प्रशांत कुछ दिन पहले ही दंतेवाड़ा आया था। उसकी पत्नी के नाम पर दंतेवाड़ा में एक बंगला भी आवंटित है। हालांकि दंतेवाड़ा पुलिस के मुताबिक यहां प्रशांत सिंह के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है।

उल्लेखनीय है कि प्रशांत की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश में कल्पना मीडिया के सामने आई और खुद को छत्तीसगढ़ समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य और राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त होना बताकर पति की गिरफ्तारी को षड़यंत्र बताया। उसके बाद दंतेवाड़ा पुलिस भी सक्रिय हुई। पता चला कि कल्पना सिंह को दंतेवाड़ा में बंगला भी आवंटित है। बंगले को तैयार करने में लाखों रुपए खर्च किए गए हैं। उसकी नए सिरे से रंगाई पुताई भी की गई है। हालांकि कल्पना और प्रशांत अमूमन यहां रहते नहीं थे। उनके दो बार ही दंतेवाड़ा आने की जानकारी पुलिस को मिली है।

50 हजार का इनाम

जानकारी के अनुसार 2019 में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में फरार प्रशांत सिंह के ऊपर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस दौरान प्रशांत दंतेवाड़ा आकर भी रहा। बताया जाता है कि जब से कल्पना सिंह समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य बनी और उन्हें राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त हुआ कल्पना सिंह अपने पति के साथ दंतेवाड़ा में कम ही रहीं। मेंबर बनने में बाद कल्पना सिंह दो बार अपने पति प्रशांत सिंह के साथ दंतेवाड़ा आई थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेसियों से मुलाकात की थी लेकिन आंबटित बंगले में नहीं रुके थे। बताया जा रहा है कि इनके कुछ रिश्तेदार सुकमा जिले के दोरनापाल में भी है जिनसे मिलने दोनों के दोरनापाल जाने की भी खबर है।

खुफिया विभाग को भी थी खबर

गिरफ्तार 50 हजार के इनामी प्रशांत सिंह के पत्नी कल्पना सिंह के साथ दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान उस पर खुफिया पुलिस की नजर थी। लेकिन उस पर पुलिस हाथ डालने से बचती रही। बहरहाल अब यूपी में गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। खासताैर पर कल्पना ने पति की गिरफ्तारी के बाद खुद को छत्तीसगढ़ समाज कल्याण बोर्ड का सदस्य बताया, उसके बाद दंतेवाड़ा अचानक चर्चा में आ गया।

यूपी पुलिस ने कभी संपर्क नहीं किया

पुलिस अधिकारियों के अनुसार उत्तरप्रदेश में हिस्ट्रीशीटर प्रशांत सिंह की गिरफ्तारी हुई है। उसके दंतेवाड़ा में रहने के दौरान यूपी पुलिस ने कभी दंतेवाड़ा पुलिस से पत्राचार या अन्य माध्यम से संपर्क नहीं किया। संपर्क किए होते तो कार्यवाही की जाती।

Spread the word