March 24, 2026

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान बिना हेलमेट जा रहे लोगों को यमराज और चित्रगुप्त ने पकड़ कर कहा-अब चलो हमारे साथ यमलोक फिर समझाइश दी

कोरबा 20 जनवरी। हर साल सड़क सुरक्षा सप्ताह के आयोजन के बाद भी बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनजर इस बार महीने भर लोगों को जागरूक करने सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हर थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा ट्रैफिक पुलिस की टीम के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोग ज्यादा से ज्यादा जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करें, इसके लिए नुक्कड़ नाटक की तर्ज पर पुलिस यमराज और चित्रगुप्त की भी मदद ले रही है।
माह के दूसरे दिन मंगलवार को कटघोरा अनुविभाग अंतर्गत आने वाले कटघोरा, पाली, बांगो व पसान थाना समेत मोरगा चौकी क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को रोक कर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई। सभी क्षेत्र के कार्यक्रम स्थलों पर यमराज और चित्रगुप्त भी पहुंचे, जिन्होंने सड़क पर बिना हेल्मेट, तीन सवारी और तेज रफ्तार में जा रहे वाहन चालकों को पकड़ा। ऐसे लोगों को चलो हमारे साथ यमलोक कहते हुए यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
घायलों की मदद करें, गवाह जबरन नहीं बनाया जाएगाः ट्रैफि क पुलिस के सूबेदार भुनेश्वर कश्यप कटघोरा में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों की मदद के लिए सभी को आगे आना चाहिए। इससे कई लोगों की जान बच सकती है। मदद करने वालों को अब पुलिस द्वारा जबरन गवाह नहीं बनाया जाएगा। अस्पताल में भी उनका नाम नहीं पूछा जाएगा।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word