February 26, 2026

सड़क और राशन दुकान से जुड़ी समस्या से सेमीपाली के लोग परेशान

स्थानीय लोगों ने बैठक कर बनाई आन्दोलन की रणनीति

कोरबा 25 मार्च। जमनीपाली क्षेत्र के अंतर्गत सेमीपाली में सड़़क और राशन दुकान से जुड़ी समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अर्से बाद भी इस दिशा में कोई काम नहीं किया जा सका। आश्वासन से तंग आकर स्थानीय लोगों ने आज बैठक की जल्द ही इस मामले को लेकर भूख हड़ताल और अन्य स्तर पर आंदोलन करने की रणनीति पर विचार किया गया।

नगर निगम कोरबा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 48 सुमेधा में सड़क को लेकर बनी समस्या की वजह से नागरिक दिक्कत में हैं। सेमीपाली इसी वार्ड का एक हिस्सा है जहां पर आंतरिक मार्गों की दुर्दशा काफी समय से बनी हुई है। मुख्य मार्ग भी बहुत अच्छी स्थिति में नहीं है। इन कारणों से लोगों को आवाजाही में दुष्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। बीते वर्ष से इस बारे में नगर निगम को अवगत कराया जाता रहा है। अधिकारियों की जानकारी में समस्याएं भी लाई गई। इसके अलावा पत्राचार करने के साथ इस संबंध में जानकारी दी गई। इन सबका बहुत ज्यादा असर नहीं रहा। आखिरकार परेशान होकर स्थानीय पार्षद विजय साहू ने कार्यकर्ताओं और जागरूक लोगों के साथ आज बैठक ली। इसमें सड़क और इन कारणों से होने वाली परेशानी पर चर्चा की गई। लोगों ने अपने सुझाव दिये। उपेक्षापूर्ण रवैये को लेकर 3-4 दिन में भूख हड़ताल और आगे के आंदोलन पर निर्णय लिया गया। लोगों ने बैठक में कहा कि हर हाल में पार्षद के नेतृत्व में स्थानीय समस्याओं के लिए काम किया जाएगा।

वार्ड से जुड़ी समस्या को लेकर निगम को जानकारी दी गई थी। डेढ़ माह पहले महापौर और आयुक्त ने यहां का दौरा कर आश्वासन दिया था कि जल्द काम कराया जाएगा। लेकिन कुछ नहीं हो सका। सेमीपाली, सुमेधा, नागिनभाठा क्षेत्र के लोगों को राशन लेने के लिए तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इसलिए सोसायटी भी स्थानीय स्तर पर होना चाहिए।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word