April 11, 2026

ऑक्सीजन सिलेंडर पर पैर रखकर खड़ी हो गईं तहसीलदार, युवक हाथ जोड़ गिड़गिड़ाता रहा

आगरा 27 अप्रैल। एक तरफ लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाएगा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के नंदलालपुर से यह घटना सामने आई है, जहां राम मनोहर गैस प्लांट पर हंगामा हो गया। यहां सिलेंडर ना मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद हंगामे की सूचना मिलने पर एत्मादपुर की तहसीलदार प्रीति जैन मौके पर पहुंची और आपूर्ति पर रोक लगा दी।

हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि तहसीलदार प्रीति जैन ऑक्सीजन सिलेंडर पर पैर रखकर खड़ी हैं और उनके सामने हाथ जोड़े एक युवक खड़ा है। वहीं दूसरे वीडियो में एक पुलिसकर्मी के पैर पकड़कर सिलिंडर दिलाने की गुहार लगा रहा है। दरअसल, सोमवार की सुबह नंदलालपुर स्थित राम मनोहर गैस प्लांट पर मरीजों के तीमरदार खाली सिलेंडर लेने पहुंचे थे।

उन्होंने अस्पताल का पर्चा गोदाम पर जमा कर दिया। इसी दौरान तहसीलदार प्रीति जैन पहुंच गईं। उन्होंने ऑक्सीजन सिलेंडर वितरण पर रोक लगा दी। तीमारदारों को दिये गए सिलेंडर वापस ले लिये गए। इस पर तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया।

इसी दौरान एक युवक ने सिलेंडर उठाने की कोशिश की तो तहसीलदार प्रीति जैन सिलेंडर पर पैर रखकर खड़ी हो गई। तीमारदार ने हाथ जोड़कर सिलेंडर दिलाने की गुहार की, लेकिन तहसीलदार ने एक न सुनी। वहीं दूसरे तीमारदार ने एक पुलिसकर्मी के पैर पकड़ लिए। फिर भी उसे सिलेंडर नहीं दिया गया।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word