March 20, 2026

कोरबाः यहां चल रही है कांग्रेस और भाजपा की मिली-जुली सरकार

कोरबा 10 जून। भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को कांग्रेस मुक्त बनाने का अभियान चला रहे हैं। उधर छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की नगर पंचायत छूरी और कटघोरा में कांग्रेस और भाजपा की मिली-जुली सरकार चल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत छुरी में कुल 15 पार्षद हैं। गत चुनाव में कांग्रेस के 08, भाजपा के 05 और 02 निर्दलीय पार्षद विजयी हुए थे। बाद में एक निर्दलीय कांग्रेस में और एक भाजपा में शामिल हो गये। इस तरह छूरी नगर पंचायत में कांग्रेस के 09 और भाजपा के 06 पार्षद हो गये। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ तो कांग्रेस की नीलम देवांगन अध्यक्ष और भाजपा के हीरानंद पंजवानी उपाध्यक्ष चुने गये। बताया जाता है कि इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने टूट से बचने के लिए आपस में समझौता कर लिया और एक-एक पद बांट लिया था।

बाद में कांग्रेस के पार्षदों की पी. आई. सी. बनायी गयी। कुछ समय तक तो सब ठीक चलता रहा, लेकिन फिर अध्यक्ष और कांग्रेस के पी. आई. सी. मेम्बर के बीच मतभेद हो गया। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम देवांगन ने कांग्रेस पार्षद मधु अग्रवाल और राकेश तंवर को पी. आई. सी. से हटा दिया और उनकी जगह भाजपा पार्षद संतोष केंवट व शकुंतला नेताम को पी. आई. सी. मेम्बर बना दिया। इस तरह नगर पंचायत छूरी में कांग्रेस और भाजपा की संयुक्त सरकार चल रही है।

इसी तरह जिले के नगर पालिका परिषद कटघोरा में भी मिली जुली सरकार बनाई गयी है। अध्यक्ष रतन मित्तल कांग्रेस से हैं, तो उपाध्यक्ष बजरंग पटेल भाजपा से। पी. आई. सी. में भी कांग्रेस पार्षदों के साथ भाजपा पार्षद शरद अग्रवाल और आत्मा नारायण पटेल शामिल हैं। मजे की बात तो यह है कि दोनों निकायों के पोस्टर छपते हैं, तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के झंडे के साथ इन भाजपा नेताओं का भी फोटो छपता है, जिससे ऐसा लगता है कि सभी नेता कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word