February 26, 2026

आपातकाल लगा कांग्रेस ने छीन लिए थे जनता के मौलिक अधिकारः अमर अग्रवाल

कोरबा 27 जून। जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि कुर्सी बचाने के लिए के तानाशाही अपनाते हुए आपातकाल लगाया गया था। जनता का मौलिक अधिकार छीन लिया गया, इसके लिए केवल कांग्रेस जिम्मेदार है। इस दिन को काला दिवस के रूप में याद किया जाता है। वर्तमान में हम जिस आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं, यह आजादी हमने कांग्रेस से लड़ कर हासिल की है। अंग्रेजों से गांधी, सुभाषचंद्र की अगुवाई में लड़कर जो आजादी मिली थीए उसे सन 1975 में हमने उसे खो दिया था, कांग्रेस ने वह आजादी हमसे छीन ली थी। यह दूसरी आजादी हमने कांग्रेस से लड़ कर पाई है। कांग्रेस ने अपनी आजादी की विरासत को तब ही खत्म कर दिया था ।

तिलक भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान और लोकतंत्र, आज के भाजपा और तब का भारतीय जनसंघ के इतिहास पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नानाजी देशमुख जैसे राष्ट्रवादियों का हासिल किया लोकतंत्र है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण का कमाया लोकतंत्र है। यह जिस आज का हम आनंद ले रहे हैं, वह आज का लोकतंत्र कांग्रेस के कारण नहीं, बल्कि उसके बावजूद कायम है। उन्होंने कहा कि बात चाहे इस आपातकाल की हो या, पहली आजादी के बाद देश के विभाजन की, या उसके बाद भी कांग्रेस ने लगातार यह साबित किया है कि, भारतीय लोकतंत्र के पवित्र शब्दों का, भारत के लोगों द्वारा आत्मार्पित भारत के संविधान की आत्मा का, देश की एकता और अखंडता का, कांग्रेस के लिए तब कोई महत्व नहीं रखता है जब उसकी सत्ता नहीं हो, या जाने वाली हो। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ समेत जिन मुट्ठी भर प्रदेशों में कांग्रेस या उसके प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष समर्थित दलों का शासन है वहां क्या हो रहा है, यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र में किस तरह से असहमति के कारण अभिनेत्री का घर ढहा दिया जाता है। पत्रकारों के साथ कैसा सलूक होता है । पालघर में साधुओं को भीड़ द्वारा लिंचिंग कर देने की खबर दिखाने के कारण अर्णव गोस्वामी और उनकी टीम के साथ कांग्रेस समर्थित सरकार ने वहां कैसा बर्बर अत्याचार किया, यह उदाहरण सामने है। उन्होंने कहा कि यह तमाम चीजें महज संयोग नहीं बल्कि प्रयोग हैं । यही आपातकाल वाली कांग्रेस की मूल प्रवृत्ति है। पश्चिम बंगाल का उदाहरण भी सामने है, कांग्रेस व कम्युनिस्टों के प्रत्यक्ष समर्थन से चुनकर आई सरकार के सत्ता में आते ही कार्यकर्ताओं द्वारा किस नृशंस तरीके से हत्या, बलात्कार और लूट आदि घटनाओं को अंजाम दे रही है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास महतो, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, जिलाध्यक्ष डा राजीव सिंह, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी मंचस्थ रहे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word