March 18, 2026

फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक का शव

कोरबा 28 जून। जामपारा नवापारा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कटघोरा थाना के सब इंस्पेक्टर राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि 26 वर्षीय मेमरू उरांव पिता स्व. सूरज सिंह की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। परिजनों ने बताया कि रात में यह घटना हुई। मृतक के साथ उसकी मां, पत्नी और तीन बच्चे रहते हैं। कामकाज करने के बाद उरांव घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए। देर रात्रि को क्या कुछ हुआ इस बारे में परिजनों को उस समय पता नहीं चला। अगली सुबह उन्होंने मृतक को एक कमरे में फंदे पर लटका पाया। इसके साथ वहां कोहराम मच गया। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। सरपंच को भी अवगत कराया गया। गांव से यह सूचना पुलिस थाना पहुंची जिसके बाद एक टीम मौके के लिए रवाना की गई। वहां 174 सीआरपीसी के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में इस घटना की कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word