March 25, 2026

शिक्षा विभाग में पदस्थ लिपिक ने ड्यूटी के दौरान किया कीटनाशक का सेवन, हालत गंभीर

कोरबा 8 जुलाई। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरबा में पदस्थ एक लिपिक ने ड्यूटी के दौरान दोपहर 1 बजे कार्यालय में ही सल्फॉस नामक कीटनाशक का सेवन कर लिया है। आनन-फानन में लिपिक को शहर के एनकेएच निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। स्थिति में सुधार नहीं आने पर उसे अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है। लिपिक की हालत नाजुक बताई जा रही है

जानकारी के अनुसार बीईओ कार्यालय कोरबा में श्याम कुमार मानसर सहायक ग्रेड 3 लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। जिन्हें शिक्षाकर्मी व छात्रवृति शाखा दिया गया है। लिपिक प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी कार्यस्थल पर उपस्थित हुए। लेकिन दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने कार्यालय में ही सल्फॉस नामक जहरीला कीटनाशक पी लिया। जिससे वे मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। यह देख सहकर्मियों में हड़कंप मच गया। बीईओ संजय अग्रवाल व साथी कर्मियों ने उन्हें तत्काल शहर के निजी चिकित्सालय एनकेएच में भर्ती कराया। लेकिन लिपिक की हालत में सुधार न आता देख देर रात उन्हें अपोलो बिलासपुर रेफर कर दिया है। आक्सीजन सपोर्ट पर होने के बावजूद लिपिक की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना से विभाग के कर्मचारी सकते में हैं।

वर्कलोड तो नहीं घटना की वजहः-लिपिक श्याम मानसर के आत्मघाती कदम को लेकर सभी हैरान हैं। कार्यालयीन समयावधि में लिपिक द्वारा कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार लिपिक पहले से ही तनाव में रहता था। इसके बावजूद उसे हाल ही में निलंबित हुए डीएमएफ शाखा के लिपिक का अतिरिक्त चार्ज दे दिया था। डीएमएफ से 2 साल के भीतर कराए गए कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत के बाद कलेक्टर रानू साहू ने जांच का आदेश दिया है। योग्य लिपिक की जगह बीमार लिपिक से संवेदनशील शाखा के काम कराया जा रहा है। वर्कलोड से परेशान होकर कहीं लिपिक ने यह आत्मघाती कदम तो नहीं उठाया। बहरहाल इस बात का खुलासा लिपिक के स्वस्थ होने के बाद ही हो सकेगा। मामले में जानकारी लेने बीईओ संजय अग्रवाल से संपर्क किया गया। कॉल रिसीव नहीं करने की वजह से उनका पक्ष नहीं आ सका है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word