February 27, 2026

दहेज प्रताड़ना, नवविवाहिता को ले जाने 10 लाख रुपए की मांग

कोरबा 12 जुलाई। ससुराल में पति समेत सभी ससुरालियों की ओर से दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने से परेशान एक नवविवाहिता मायके में आ गई। जिसे ले जाने के लिए ससुरालीजनों ने 10 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कुसमुंडा के आदर्शनगर निवासी शांतिलाल पाटले की बेटी मंजूलता की शादी करीब डेढ़ साल पहले बरबसपुर के संजय कुमार हरवंश से हुई। पुलिस के मुताबिक शादी से दो दिन पहले ही दूल्हे ने बुलेट मांगी। कन्यादान करते हुए परिवार ने अन्य सामान व जेवरात के साथ बुलेट भी दी। शादी होकर मंजूलता ससुराल पहुंची तो वहां 3-4 दिन बाद उसके पति संजय, सास करन बाई, ननंद रितू, देवर अजय, डेढसास उमा मिश्रा, ससुर रेशम लाल दहेज में 10 लाख रुपए मांगकर लाने को कहते हुए प्रताड़ित करने लगे। खाना बनाना नहीं आता, चरित्रहीन कहने के अलावा अन्य बहाने से मारपीट कर प्रताड़ित किया जाने लगा। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात करा दिया गया। बीमार पड़ने पर भी अस्पताल नहीं ले जाया गया। इस कारण 8 माह पहले मंजूलता के पिता शांतिलाल और भाई संदीप कुमार उसके ससुराल पहुंचे। जो उसे इलाज कराने ले गए। इसके बाद से मंजूलता मायके में थी। जहां कई बार पति संजय समेत ससुराल के लोग पहुंचे। जो उसे वापस ससुराल ले जाने के लिए 10 लाख रुपए की मांग करने लगे। परेशान होकर मंजूलता ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने मामले में आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word