October 2, 2024

मुख्यमंत्री बघेल की घोषणा पर अमल : अशोक वाटिका के जीर्णोद्धार व विकास को मिली स्वीकृति

कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने डीएमएफ मद से दी नौ करोड़ 72 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति

कोरबा 10 अगस्त 2021. मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुसार जल्द ही कोरबा वासियों को ऑक्सीजोन के रूप में एक सुविकसित और व्यवस्थित जगह की सुविधा मिलने वाली है। शहर के हृदय स्थल में स्थित अशोक वाटिका को ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने डीएमएफ मद से 09 करोड़ 72 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की घोषणा पर अमल करते हुए इस राशि से अशोक वाटिका के जीर्णोद्धार एवं उसे पर्यटन व मनोरंजन स्थल के साथ-साथ ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने का काम किया जाएगा। कलेक्टर ने तैयार कार्ययोजना के आधार पर जल्द से जल्द काम शुरू करने के भी निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा को दिए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने अपने कोरबा प्रवास के दौरान राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के अनुरोध पर अशोक वाटिका के जीर्णोद्धार, उसे ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने के साथ-साथ शहर वासियों के लिए यहां अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल पहले ही शुरू हो गया था और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा अशोक वाटिका के जीर्णोद्धार व वहां पर किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु जिला खनिज न्यास संस्थान को भेजा गया था। स्वीकृत कार्ययोजना के आधार पर आज इसके लिए कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने जिला खनिज न्यास संस्थान निधि से 09 करोड़ 72 लाख 85 हजार रूपए की स्वीकृति प्रदान कर दी है तथा त्वरित रूप से आगामी कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

ये सुविधाएं होंगी उपलब्ध

बरसों से उपेक्षित पड़े शहर के महत्वपूर्ण उद्यान अशोक वाटिका को आक्सीजोन के रूप में विकसित करते हुए वहां नागरिकों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अशोक वाटिका में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन चलाई जाएगी। साईकिलिंग ट्रेक, पार्किंग क्षेत्र, पाथवे निर्माण, फूड जोन-कैफेटेरिया, लॉन एरिया, रिलेक्सीन एरिया भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही महानगरों की तर्ज पर वाटिका में लेजर फाउण्टेन, चिल्ड्रन प्ले एरिया, बोटिंग एरिया, जिम, योगा एरिया भी विकसित होंगे। यहां पढ़ने और योग के लिए रीडिंग जोन, मेडिटेशन एरिया भी होगा। वाटिका में हर्बल गार्डन के साथ-साथ खेल प्रेमियों के लिए व्हालीबॉल ग्राउण्ड, बास्केट बाल ग्राउण्ड, बैडमिंटन ग्राउण्ड भी बनाया जाएगा। यहां हेल्थ चौपाटी सेंटर भी होगा। अशोक वाटिका के रखरखाव और अन्य कामों के लिए एडमिन ब्लॉक के रूप में कार्यालय भी होगा। आगंतुकों के लिए टिकट घर के अलावा आकर्षक वाटरबॉडी एरिया, प्रवेशद्वार, प्लांटेशन तथा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के लिए आरक्षित स्थल आदि सुविधाएं भी विकसित होंगी।

कलेक्टर ने किया था वाटिका का अवलोकन-निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने विगत माह आयुक्त कुलदीप शर्मा एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार के साथ अशोक वाटिका का अवलोकन कर उसे विकसित किए जाने के लिए स्थल निरीक्षण किया था। श्रीमती साहू ने इस दौरान कार्ययोजना तैयार करने के लिए प्राथमिक तौर पर प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया था। उन्होंने ही तब वाटिका में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन संचालित करने तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुविधाएं विकसित करते हुए साईकिलिंग ट्रेक बनाने को भी कार्ययोजना में शामिल किए जाने के निर्देश दिए थे।

Spread the word