February 26, 2026

चाइल्ड पोर्नग्राफी की आंच कोरबा पहुंची, नेता आया चपेट में

कोरबा 17 नवम्बर। चाइल्ड पोर्नग्राफी की आंच अब छत्तीसगढ़ के कोरबा तक पहुंच गयी है। मंगलवार की देर शाम CBI की टीम ने कोरबा के दर्री जोन के सुमेधा इलाके में एक जनप्रतिनिधि के घर पर छापेमारी की है। स्थानीय नेता का इलेक्ट्रानिक्स सामान की दुकान ही बताई जा रही है। दुकान से काफी मात्रा में गैजेट्स और वीडियो क्लिप्स आदि जब्त किये गये हैं। कोरबा सहित देश के कुल 77 जगहों पर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की है।

यह पूरा मामला इंटरनेट पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) रैकेट चला रहे अपराधियों की तलाश से जुड़ा है। CBI ने मंगलवार को देश में 14 राज्यों में 77 स्थानों पर छापा मारा। इसमें छत्तीसगढ़ का कोरबा भी शामिल था। जांच एजेंसी ने आरोपियों के ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए हैं। सीबीआई के प्रवक्ता आर सी जोशी के मुताबिक मध्यप्रदेश समेत देश के 14 राज्यों में यह छापेमारे की गई है। इसमें कई अहम दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री सी बी आई को मिली है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह ही सीबीआई की टीम कोरबा पहुंची थी, लेकिन छापेमारी की कार्रवाई शाम में शुरू हुई। ये कार्रवाई इतनी गुप्त रखी गयी थी, कि स्थानीय पुलिस तक को जानकारी नहीं मिल पायी। इधर छत्तीसगढ़ में हुई इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में इस मामले को लेकर सीबीआई छापेमारी कर सकती है।

CBI का यह छापा देश भर में 77 स्थानों पर पड़ा। इसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कोंच (जालौन), मऊ, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, नोएडा, झांसी, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में पड़े। गुजरात के जूनागढ़, भावनगर, जामनगर, पंजाब के संगरूर, मलेरकोटला, होशियारपुर और पटियाला में कार्रवाई हुई है। बिहार के पटना, सीवान, हरियाणा के यमुना नगर, पानीपत, सिरसा और हिसार भी छापे की जद में आए हैं। ओडिशा के भद्रक, जाजापुर, ढेंकानाल और तमिलनाडु के तिरुवलुरे, कोयंबटूर, नमक्कल, सेलम और तिरुवन्नामलाई में भी छापे पड़े हैं। राजस्थान के अजमेर, जयपुर, झुंझुनू, नागौर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के जलगांव, सलवाड़, धुले, छत्तीसगढ़ के कोरबा और हिमाचल प्रदेश के सोलन में भी CBI पहुंची है।

कोरबा जिले के नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमीपाली, जमनीपाली निवासी छत्रपाल सिंह कंवर के विरुद्ध चाइल्ड पॉर्नोग्राफी के आरोप में आईटी एक्ट 2000 की धारा 67 बी एवं आईपीसी की धारा 120 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले में आरोपी के गिरफ्तारी की भी खबर है। सीबीआई की इस टीम ने इस ग्रामीण के द्वारा उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रानिक सामान की जांच-पड़ताल करते हुए उसे जप्त किया है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word