February 25, 2026

घर में नशा करने से मना करने पर बुजुर्ग की हत्या..ब्लेड से किए 150 वार

बुजुर्ग की हत्या के बाद बेटे और नाती को भी धमकी

भिलाई । दुर्ग जिले के भिलाई में एक बुजुर्ग की देर रात नृशंस हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने बुजुर्ग के शरीर पर ब्लेड से 150 से ज्यादा वार किया, उसके बाद ईंट से सिर और पैर पर हमला कर उनकी जान ले ली। बुजुर्ग को मौत के घाट उतारने के बाद हत्यारे युवकों ने उनके बेटे और नाती को भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से निकल भागे। पुलिस को इस वारदात की खबर सुबह लगी, जिसके बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। वारदात सुपेला थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णा नगर के पास हड्डी गोदाम निवासी राम चैहान (60) अपने बेटे और नाती के साथ रहते थे। रविवार देर रात पड़ोस में रहने वाले लोकेश और दुर्गेश उनके घर में बैठकर नशा कर रहे थे। इस पर बुजुर्ग राम चैहान ने दोनों को मना किया और घर से बाहर जाने को कहा। इस बात पर दोनों युवक भड़क गए। इस दौरान बुजुर्ग के नाती और बेटे घर पर थे, जिन्हें नशेड़ी युवकों ने घर से बाहर निकाल दरवाजा बंद कर दिया और फिर बुजुर्ग पर ब्लेड से बिना रूके वार पर वार करते रहे। बुजुर्ग को अधमरी हालत में छोड़कर दोनों वहां से भाग निकले। जाते हुए बुजुर्ग के बेटे से कहा, तेरे बाप का काम हो गया है। बहुत ज्यादा बोल रहा था।

दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग के बेटे को धमकी दी। अगर पुलिस को बताया तो उसके बेटे को भी मारकर लटका देंगे। बेटा अपने बुजुर्ग पिता को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचा, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दुर्गेश ने 5-7 दिन पहले भी किसी को चाकू मारा था।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word