February 25, 2026

भाजपा पार्षदों ने महापौर पर लगाया भेदभाव का आरोप.. कलेक्टर व आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

कोरबा 03 अक्टूबर 2022। भारतीय जनता पार्टी कोरबा के पार्षदों के द्वारा कोरबा निगम की कांग्रेस सरकार व खासकर महापौर पर भेदभाव का आरोप लगाया गया है। पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम कोरबा के जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद चुने गए हैं, नगर निगम के महापौर व निगम प्रशासन के द्वारा जनभुझकर उन वार्डों की उपेक्षा की जा रही है व मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य भी नही कराए जा रहें हैं।

पार्षदों ने आरोप लगाया की पार्षद चुने जाने के बाद से ही कांग्रेसी महापौर के द्वारा उनसे भेदभाव किया जा रहा है और उनके वार्ड में नाली सफाई, रोड, व विद्युतीकरण जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। अनेकों बार निगम प्रशासन का इस ओर ध्यान आकर्षित करने के बाद भी जानबूझकर कांग्रेसी महापौर के द्वारा उनके वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। पार्षदों ने कहा कि यदि नगर निगम उनके वार्डों में विकास कार्य नही करा रही तो उन वार्डों के निवासियों से जो विभिन्न टैक्स लिए जा रहें हैं उसे निगम प्रशासन माफ करे क्योंकि उनके टैक्स का एक पैसा भी उन्हें मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने खर्च नही किया जा रहा है।

अपने ज्ञापन में भाजपा पार्षदों के द्वारा इस भेदभाव को समाप्त करते हुए 14वें वित्त की राशि तथा जिला खनिज न्यास मद से विभिन्न विकास कार्य व सभी वार्डों में विद्युतीकरण तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की तीन सूत्रीय माँग की गई है। इस अवसर पर पार्षद चंद्रलोक सिंह, सुफल दास, प्रेमचंद पांडे, अजय गोंड़, तरुण राठौर, नारायण महंत, गंगाराम भारद्वाज समेत अन्य पार्षद व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word