February 25, 2026

ट्रक ने हेल्पर को कुचला, मौत: कुसमुंडा खदान में लगातार दूसरे दिन हादसा, ट्रक ड्राइवर फरार

कोरबा 8 अक्टूबर। कोरबा जिले के कुसमुंडा खदान में शनिवार को लगातार दूसरे दिन हुए हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। खदान में नारायणी कंपनी का ट्रक मिट्टी परिवहन का काम कर रहा था। वहीं ट्रक के सामने ही हेल्पर आराम से बैठा हुआ था। इसी बीच ड्राइवर ने ट्रक आगे बढ़ा दी, जिससे हेल्पर वाहन के पहिये के नीचे आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

कुसमुंडा थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि मृत हेल्पर का नाम राम चरण 22 वर्ष था, जो पाली चैतम का रहने वाला था। इधर घटना के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया है। हादसा आज शाम सवा 4 बजे हुआ। वहां काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने कुसमुंडा पुलिस थाने में खबर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है। वाहन को जब्त कर लिया गया है। घटना की खबर मिलते ही खदान में कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना ट्रक कंपनी नारायणी को दी गई। कुसमुंडा खदान में नारायणी कंपनी ने मिट्टी खुदाई कर परिवहन का काम हाथ में लिया है। उसके कई वाहन खदान में चलते हैं। कंपनी के कर्मचारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को भी कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में समानता कंपनी के एक मजदूर की मौत हो गई थी, वहीं दूसरा मजदूर घायल हो गया था।

समानता कंपनी में रैक लोडिंग के लिए बनाए जा रहे बंकर में ऊंचाई पर कई मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से कुछ मजदूर लोहे के एक बड़े से पिलर को दूसरे लोहे पर जमा रहे थे। इसी दौरान क्रेन में लटका हुआ लोहा अनियंत्रित हो गया था। इससे ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर भी अपनी जगह से फिसल गए थे। इनमें से 2 मजदूर लोहे के बड़े-बड़े पिलर से जा टकराए और सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर सेफ्टी बेल्ट से हवा में लटक गए थे। दूसरे कर्मचारियों की मदद से मजदूरों को वहां से उतारा गया था। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान परदेस कुमार नाम के मजदूर ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे मजदूर का इलाज अभी भी चल रहा है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word