February 25, 2026

राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता राजिम में, प्रथम पुरस्कार के रूप में मिलेंगे पांच लाख

प्रतियोगिता में शामिल होने जिले में तीन चरण में होगा मंडलियों के मध्य स्पर्धा
कोरबा। रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन राज्य शासन की ओर से किया जाएगा। इस वर्ष यह प्रतियोगिता गरियाबंद जिले के राजिम में 16 से 18 फरवरी 2023 तक होगी। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेता दलों को क्रमश: 5 लाख, 3 लाख और 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जिले में तीन चरण में रामायण मंडलियों के मध्य प्रतियोगिता आयोजित किया जाएगा। 15 दिसंबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता आयोजित होगी। जनपद पंचायत स्तर पर यह प्रतियोगिता 25 जनवरी 2023 तक आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात जिला स्तरीय प्रतियोगिता 27 जनवरी से 3 फरवरी 2023 तक आयोजित की जाएगी। इसमें जिला स्तरीय विजेता रामायण मंडली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कलेक्टर संजीव झा ने जिले में रामायण मंडली प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करते हुए मंडलियों की प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही जिले के मानस मंडलियों का संस्कृति विभाग के चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन करने के भी निर्देश दिए हैं। संस्कृति विभाग के चिन्हारी पोर्टल में पंजीकृत मानस मंडलियों को वाद्य यंत्र खरीदने के लिए पांच हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। सक्रिय मानस मंडलियां संस्कृति विभाग के वेबसाइट में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। राज्य शासन के संस्कृति विभाग की ओर से जिले के नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत में सक्रिय मानस मंडलियों को संबंधित जनपद पंचायत स्तर के प्रतियोगिता में शामिल किये जाने के निर्देश भी दिए गए है। संबंधित नगरीय निकायों के ओर से एक विजेता दल को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल करने हेतु चयन कर भेजने की जिम्मेदारी संबंधित नगरीय निकाय के आयुक्त एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की होगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word