February 26, 2026

कुसमुंडा खदान में 16 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

0 इंटक ने प्रबंधन को लिखा 5 सूत्रीय मांग पत्र
कोरबा।
एसईसीएल कुसमुंडा खदान में नियोजित ठेका कंपनियां मजदूरों को हाई पावर कमेटी (एचपीसी) के अनुसार मजदूरी का भुगतान नहीं कर रही है। कई ठेकेदार पीएफ की राशि की भी जानकारी नहीं दे रहे हैं। सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ संविदा एवं ग्रामीण मजदूर संघ कांग्रेस (इंटक) ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
संगठन के अध्यक्ष अमीन मेमन ने एरिया महाप्रबंधक को हड़ताल की सूचना देते हुए पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि खदान के सभी विभागों के संविदा मजदूरों का लिखित पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें ठेकेदारों का उनका शोषण किए जाने का उल्लेख है। मजदूरों के वेतन विसंगति की बात कहे जाने पर उन्हें काम से निकालने की धमकी दी जाती है। कई कर्मियों को तो काम से निकाल भी दिया जाता है। नियमत: ठेका मजदूरों की पीएफ राशि कटनी चाहिए, लेकिन अधिकांश ठेकेदार पीएफ राशि की जानकारी नहीं दे रहे हैं। ठेकेदार सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराते हैं। इसके अलावा संविदा मजदूरों को मेडिकल की सुविधा भी प्रदान नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि समस्याओं का त्रिपक्षीय वार्ता कर 1 सप्ताह के भीतर निराकरण किया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर संगठन के नेतृत्व में मजदूर 16 फरवरी से कुसमुंडा खदान में अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।

ranjan photo
Admin

Spread the word