February 26, 2026

महाशिवरात्रि पर निकलेगी भोले बाबा की बारात

कोरबा। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष अनुसार आयोजन के 8 वें वर्ष भी श्री श्री शिव परिवार मां काली मंदिर परिसर दुरपा रोड की ओर से भोले बाबा की बारात एवं शिव-पार्वती विवाह का आयोजन किया जा रहा है। 18 फरवरी शनिवार को दोपहर 1 बजे पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर से भोले बाबा की बारात पूजा-अर्चना पश्चात निकाली जाएगी। बारात नगर भ्रमण करते हुए मां मनोकामना दुर्गा मंदिर अग्रोहा मार्ग राम मंदिर पुराना बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां देव पूजन की विधि पूर्ण की जाएगी। इसके पश्चात यहां से विवाह आगे बढ़कर मां काली मंदिर दुरपा रोड पहुंचेगी, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह पूर्ण कराया जाएगा। यहां पिछले 8 वर्ष से महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शंकर एवं माता पार्वती का प्रतीकात्मक विवाह कराया जा रहा है। विवाह आयोजन के दूसरे दिन 19 फरवरी को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक दुरपा रोड में भंडारा का आयोजन रखा गया है। इसके पश्चात शाम 7 बजे से भव्य जागरण का आयोजन होगा जिसमें दिल्ली, मथुरा, मेरठ से आए कलाकार लोक नृत्य के साथ आकर्षक और रोमांचक झांकियां प्रस्तुत करेंगे। स्थानीय कलाकार भी जागरण की प्रस्तुति इस अवसर पर देंगे। श्री श्री शिव परिवार दुरपा रोड ने भोले बाबा की बारात एवं भंडारा व जागरण में सपरिवार उपस्थिति दर्ज करा कर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word