मेडिकल स्टोर संचालक से धोखाधड़ी, अपराध दर्ज

0 जमीन का फर्जी स्वामी बनकर किया सौदा
कोरबा।
फर्जी स्वामी बनकर दवा व्यवसायी एवं उसके साथी भाजपा नेता के साथ धोखाधड़ी कर जमीन बेचने का सौदा कर रकम लेने की रिपोर्ट लिखाई गई है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती देवांगन मोहल्ला निवासी व सर्वमंगला रोड में छाया मेडिकल के संचालक भुनेश्वर देवांगन पिता नकुल देवांगन ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि विजय जैन पिता राकेश कुमार जैन आरामशीन ने धोखाधड़ी किया है। विजय कुमार जैन ने ग्राम रामपुर, तहसील कोरबा में स्थित भूमि खसरा नंबर 87/2 रकबा 0.12 1/2 एकड़ को विक्रय करने का सौदा किया था। 1 नवंबर 2021 को इसके एवज में दो लाख पचास हजार रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से विक्रय कर 5 लाख रुपया बतौर एडवांस चेक व नकद लिया गया। उक्त भूमि को विक्रय उपरांत विजय जैन ने पुन: 28 नवंबर 2021 को दो लाख रुपया नगद लिया। इस तरह सात लाख रुपया बतौर एडवांस लिया गया है। इसके बाद जब उक्त भूमि का पड़ताल किया गया तो पता चला कि विजय जैन ने किसी अन्य विजय कुमार जैन पिता राजकुमार जैन की भूमि को अपना बताकर विक्रय कर 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी किया है। उक्त रकम में से विजय जैन ने किश्तों में 3 लाख 38 हजार 500 रुपये का भुगतान किया है तथा शेष रकम वापस नहीं कर रहा है। विजय कुमार जैन ने इस तरह 3 लाख 61 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी किया है। रिपोर्ट उपरांत विजय जैन के विरूद्ध धारा 420 भादवि का जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word