तापमान पहुंचा 41 डिग्री के पार, झुलसाने लगी धूप

कोरबा। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। मौसम पूरी तरह शुष्क है। उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म हवा से पूरा प्रदेश तपने लगा है। सोमवार को रायपुर समेत ज्यादातर जगहों पर दिन का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। कोरबा में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया। धूप अब झुलसाने लगी है, जिसे देखते हुए निगम ने जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था भी की है।
गर्मी की रफ्तार अब बढ़ती जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री के करीब पहुंच गया है। शहर में दिनभर बदली के बाद तेज धूप निकलती रही। इसके कारण गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार के बाद बदली के आसार हैं, लेकिन तापमान भी बढ़ेगा। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा गर्म रहने का अनुमान पहले से लगाया जा रहा था। उत्तर व पश्चिम दिशा से गर्म हवा आ रही है, इससे भी गर्मी में तेजी आ गई है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 42 डिग्री से पार होने की संभावना है। गुरुवार के बाद तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि होगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word