विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श व उपचार शिविर 17 मई को

कोरबा। वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे (विश्व उच्च रक्तचाप दिवस) पर चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन 17 मई बुधवार को पतंजलि चिकित्सालय निहारिका में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक किया गया है। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

डॉ. शर्मा ने शिविर के विषय में बताते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 17 मई को वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे (विश्व उच्च रक्तचाप दिवस) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक करना है, ताकि न केवल हाइपरटेंशन से अपितु हाइपरटेंशन से संबंधित अन्य बीमारियों से भी बचा जा सके। इसी तारतम्य में उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) तथा उनसे संबंधित रोगों हेतु विशेष नि:शुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय निहारिका कोरबा में किया जा रहा है। उच्च रक्तचाप का सीधा संबंध हृदय से तथा शरीर में पित्त के बढ़ जाने से है। इसके लिए शिविर में हृदय को ताकत प्रदान करने वाला तथा पित्त का शमन करने वाला शीतसुधा शरबत नि:शुल्क पिलाया जाएगा। यह न केवल ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में कारगर है, अपितु हीट स्ट्रोक (लू) से बचाने एवं उसके उपचार के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। शिविर में ब्लड प्रेशर के साथ साथ रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की नि:शुल्क जांच कर उनके नियंत्रण एवं उपचार हेतु परीक्षित औषधि भी नि:शुल्क दी जाएगी। शिविर में आये उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह रोगियों को उनके लिए उपयोगी योगाभ्यास तथा प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से अभ्यास कराकर विशेष प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उपयोगी जीवनशैली के साथ-साथ उनके लिये लाभकारी दिनचर्या-ऋतुचर्या, आहार-विहार के विषय में व्यक्तिगत रूप से विस्तार से परामर्श दिया जाएगा। चिकित्सक डॉ. शर्मा ने अंचलवासियों से इस विशेष नि:शुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

ranjan photo
Admin

Spread the word