October 6, 2024

शहर में लगे होर्डिंग्स ने बढ़ाई लोगों के मन की जिज्ञासा

0 आस्था की लहरों में कोरबा होगा मग्न… शहर में पटे होर्डिंग्स आखिर किसके?
कोरबा।
इन दिनों शहर के प्रमुख स्थानों, चौक-चौराहों पर आपको कई ऐसे होर्डिंग्स देखने को मिल जाएंगे जिसमें बड़े अक्षरों में लिखा गया है आस्था की लहरों से कोरबा होगा मग्न। शहर में पटे ये होर्डिंग्स आखिर किसके हैं?
शहरवासी होर्डिंग्स देखकर कयास लगा रहे हैं कि कोरबा में बड़ा धार्मिक आयोजन होने वाला है। होर्डिंग्स में नीचे आयोजक का नाम कहीं नहीं लिखा है। आखिर कौन बड़ा आयोजन करा रहा है और कब होगा यह लोगों के मन को उद्वेलित कर रहा है। लोगों में इसे लेकर जिज्ञासा बढ़ती जा रही है। शहर में लगे होर्डिंग्स में अलग-अलग वाक्यांश भी है। किसी होर्डिंग्स में आस्था की लहरों में कोरबा होगा मग्न, किसी में लिखा है शहर शीघ्र होगा भक्ति और आस्था के संगम में, उनके आगमन से ऊर्जा नगरी में होगा ऊर्जा का नया संचार.. कोरबा आने को हैं वे तैयार जैसे वाक्यांशों से लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
मीडियाकर्मियों ने इस बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर कई धार्मिक व सामाजिक संगठनों से चर्चा कर वास्तविकता का पता लगाने की कोशिश की लेकिन पता तो नहीं चल पाया, लेकिन शहर में चर्चा है कि शहर के आसपास कहीं भव्य राम मंदिर बन रहा है जिसमें प्राण प्रतिष्ठा शीघ्र ही होने की खबर है और संभवत: जून में आयोजक की ओर से भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजन होने वाला है। शहर में यह भी चर्चा है कि बागेश्वर धाम सरकार आने वाले हैं, तो किसी ने बताया कि जगदगुरु आदि शंकराचार्य आने वाले हैं तो किसी ने बताया प्रख्यात संगीतमय कथावाचक जया किशोरी आने वाली है। वहीं किसी की जुबान पर है कि रामायण में राम और सीता की भूमिका निभाने वाले कलाकारों का आगमन होगा। वास्तविकता तो सामने आयेगा ही कि आखिर यह बड़ा आयोजन किसका है और कब शहर आस्था से सैलाब में मग्न होगा। मगर शहर में लगे इन होर्डिंग ने लोगों के मन में सवाल जरूर पैदा कर दिया है।

Spread the word