October 6, 2024

लाखों के सियान सदन में स्थानीय पार्षद की उपेक्षा, दूसरे वार्ड के पार्षद को दिया महत्व

0 नेता प्रतिपक्ष समेत विपक्षी पार्षदों ने मनमानी पर जताया विरोध
0 5 घंटे के अंदर ही भवन से रंग को हटाया

कोरबा।
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 5 में बनाए गए लाखों के सियान सदन में दूसरे वार्ड के पार्षद को महत्व देने को लेकर भाजपा पार्षद दल आक्रामक मूड में आ गया है। व्यवस्था को अनुचित बताते हुए अपर आयुक्त से मिलकर विरोध जताया गया। चेतावनी दी गई है कि अगर व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भाजपा पार्षद अपने वार्ड में अपने हिसाब से काम करेंगे, साथ ही सियान सदन के तीन रंग पर भी भाजपा ने आपत्ति जताई है। शिकायत के 5 घंटे भीतर ही भवन से रंग को हटाया गया।

नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने सियान सदन में स्थानीय पार्षद की उपेक्षा और कांग्रेसी रंग में रंगने के प्रयास को गैरजरूरी और अवैधनिक बताया। अपर आयुक्त खजांची कुम्हार से मिलकर भाजपा पार्षदों ने साफ तौर पर कहा कि चाहे जिस मजबूरी में यह सब किया गया हो, इसे तत्काल ठीक किया जाए। चेताया गया कि ऐसा नहीं किया जाता है तो भविष्य में सभी भाजपा पार्षद अपने वार्ड में विकास कार्य अपने तरीके से करेंगे। वार्ड पार्षद धनश्री साहू ने बताया कि नगर पालिक निगम ने अधोसंरचना मद से धनवारपारा वार्ड संख्या 5 में सियान सदन बनाया है। इस काम पर लाखों रुपये खर्च किए गए। इसके विपरीत भवन में इस वार्ड के पार्षद भाजपा की धनश्री साहू के बजाय वार्ड 6 के कांग्रेस पार्षद का नाम अंकित कर दिया गया है, यह आपत्तिजनक है। इस दौरान पार्षद ऋतु चौरसिया, सुफल दास महंत, नरेंद्र देवांगन, नारायण दास महंत, निखिल शर्मा, कमला बरेठ सहित भाजपा पार्षद उपस्थित थे।

Spread the word