सड़क किनारे तालाब में पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत

-विनोद उपाध्याय
कोरबा (हरदीबाजार)।
थाना हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम चोढ़ा बरहामुड़ा मार्ग पर बने तालाब में एक ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के अंदर चालक के दब जाने से मौत हो गई। घटना रविवार रात 10 बजे की है।

जानकारी के अनुसार चोढ़ा के आश्रित ग्राम छिंदपानी निवासी रामप्रकाश मरकाम (30) पिता भुखन सिंह मरकाम ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। ग्राम में ही अन्य स्थान पर तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था। इसमें वह ट्रैक्टर से मिट्टी डंप करने का कार्य कर रहा था। काम खत्म करने के पश्चात घर जाने वक्त यह हादसा हुआ। तेज गति से ट्रैक्टर चालन करने के कारण घटना घटित होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक के बड़े भाई चंद्रकांत मरकाम ने बताया कि मृतक रामप्रकाश शादीशुदा है। उसकी पत्नी व तीन वर्ष का एक बेटा है। घर में रामप्रकाश मरकाम ही कमाने वाला था। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची। तालाब में डूबे शव व सोल्ड सोनालिका ट्रैक्टर को जेसीबी के माध्यम से बाहर निकाला गया। बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word