शाम को नहाने गए युवक की गांव के तालाब में मिली लाश

-विनोद उपाध्याय
कोरबा (हरदीबाजार)।
शाम को नहाने गए एक युवक की लाश गांव के तालाब में ही दूसरे दिन मिली। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रलिया निवासी रमेश कोरवा (40) पिता परदेसी राम कोरवा रोजी-मजदूरी का काम कर अपने व अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार शाम लगभग 7 बजे अपने घर के समीप ही तालाब में अकेले नहाने गया हुआ था। इसकी जानकारी घर वालों को नहीं थी। काफी देर तक रमेश के घर नहीं लौटने पर रात में परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब अन्य ग्रामीण नित्य क्रिया के लिए तालाब गये तो चप्पल व गमछा तालाब के पचरी में रखा हुआ था। वहीं कुछ दूरी पर रमेश कोरवा का शव पानी में दिखा। इस घटना की जानकारी परिजनों व गांव में होने पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने बताया कि रमेश को तैरना नहीं आता था। नहाते समय गहराई में चले जाने के कारण डूबने से उसकी मौत हुई होगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word