March 20, 2026

डीएव्ही कोरबा के बच्चों ने किया वृद्धाश्रम में सेवा कार्य

कोरबा। डीएव्ही पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने शनिवार को सर्वमंगला प्रांगण के समीप स्थित प्रशांति वृद्धाश्रम पहुंचकर सेवा कार्य किया। विद्यालय की प्राचार्या अनामिका भारती के निर्देशन और विद्यालय की खेल शिक्षिका नल्ला विजयलक्ष्मी, खेल शिक्षक धर्मेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में लगभग 100 बच्चों के समूह ने वृद्धाश्रम का भ्रमण कर उपस्थित वृद्धजनों का सम्मान किया और उनका हालचाल पूछा। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने वृद्धजनों को खाद्य सामग्री का वितरण किया। वृद्धाश्रम में उपस्थित सभी की आंखें अपने बीच बच्चों को पाकर चमक उठी। उन्होंने बच्चों के हाथों विभिन्न वस्तुएं लेकर उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद और प्यार दिया। बच्चों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और इस नेक कार्य को करने का आनंद अनुभव किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में उपस्थित वृद्धजनों ने बच्चों को एक गीत सुनाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनका मनोबल भी बढ़ाया। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक सदस्यों का अमूल्य योगदान रहा।

ranjan photo
Admin

Spread the word