April 11, 2026

44 आरक्षक-प्रधान आरक्षक इधर से उधर, पुलिस कप्तान ने की जंबो सर्जरी

कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने की दिशा में एक बार फिर महकमे में व्यापक सर्जरी करते हुए पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया गया है। प्रशासनिक कसावट के मद्देनजर कार्यस्थल बदले जाने की कार्रवाई में एक एएसआई व आरक्षक-प्रधान आरक्षकों समेत कुल 45 पुलिसकर्मी प्रभावित हुए हैं। उन्हें निर्धारित गाइडलाइन के तहत पालन सुनिश्चित करते हुए तत्काल बताई गई नई पदस्थापना की जगह पर ज्वाइनिंग देने के आदेश दिए गए हैं।
जिला पुलिस कप्तान यू उदय किरण ने जिले के विभिन्न थाना-चौकियों में कार्यरत सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक व महिला आरक्षकों समेत कुल 45 पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल में फेरबदल किया है। इनमें कुछ को रक्षित केंद्र से थाना-चौकियों की जिम्मेदारी दी गई है, तो थाना-चौकियों में पदस्थ कुछ कर्मियों को लाइन भेज दिया है। इस तरह बड़ी संख्या में इधर से उधर किए गए पुलिसकर्मियों को नए आदेश का पालन सुनिश्चित करते हुए अविलंब नई जगह पर आमद देने के आदेश दिए गए हैं। तबादला सूची में शामिल एकमात्र अफसर सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार तांडी को रक्षित केंद्र कोरबा से पुलिस थाना कटघोरा भेज दिया गया है। इनके अलावा प्रधान आरक्षक रमेश कुमार राज दीपका थाना से बांकीमोंगरा, प्रधान आरक्षक अनुज सिंह को कुसमुंडा से लेमरू, प्रधान आरक्षक रंजन देवांगन को मानिकपुर से कुसमुंडा, राजेंद्र साय को रक्षित केंद्र से मानिकपुर पुलिस चौकी भेजा गया है। इनके अलावा अलग-अलग क्षेत्र के पुलिसकर्मियों को भी नई जगह पर जाकर ज्वाइनिंग देने के आदेश पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जारी किए हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word