March 4, 2026

दीपका में संगीतमयी एक शाम भारत के शौर्य के नाम, देश भक्ति गीतों ने बांधा समां

कोरबा। ऊर्जा नगर स्टेडियम में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या प्रेस क्लब दीपका ने देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का प्रारंभ आमंत्रित अतिथियों तथा कलाकारों एवं गणमान्य नागरिकों के दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
शहीदों को सुर श्रद्धांजलि देते हुए ऐ मेरे वतन के लोगों गीत की अंशु मानिकपुरी ने प्रस्तुति दी। इसके बाद पीके दत्ता ने राम भजन और होंठों पे सच्चाई रहती है गीतों के साथ सुरमई सांझ के सफर की शुरुआत की। वहीं मोहम्मद मुकिद ने गंगा तेरा पानी अमृत और आपस में प्रेम करो देशप्रेमियों गीत के साथ श्रोताओं को मुग्ध कर इस सफर को गति प्रदान की। सुमन चौबे और अभिलाषा झा ने एक साथ तेरी मिट्टी में मिल जावां और देश मेरे तेरी शान के सदके गीत के साथ श्रोताओं को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। वीरेंद्र राठौर के दुल्हन चली पहन चली और मेरे देश की धरती गीतों ने दर्शकों को नाचने झूमने पर मजबूर कर दिया। कक्षा 11वीं की प्रीतिका मिश्रा और 6वीं की अद्विका जायसवाल के भावुक गीत तेरी मिट्टी में मिल जावां ने सबकी आंखें नम कर दिया। प्रेस क्लब के युवा सदस्य राजू प्रजापति ने संदेशे आते हैं गीत से और प्रेस क्लब के सचिव हेमचंद सोनी ने शहीदों के परिवार की भावनाओं को दर्शाती अपनी स्वरचित कविता के पाठ से इस सफर को चरम तक पहुंचा दिया। सभी कलाकारों, प्रेस क्लब के सदस्यों और उपस्थित अतिथियों ने मिलकर दिल दिया है जां भी देंगे गीत एक सुर में गा कर इस मनोरम संगीतमयी शाम के सफर को अंजाम दिया। आयोजन में राज्य खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे, पार्षद एवं प्रेस क्लब के संरक्षक सदस्य अरुणीश तिवारी, पार्षद एवं संरक्षक अनूप यादव, मजदूर यूनियन नेता रेशमलाल यादव, वरिष्ठ भाजपा नेत्री बुधवारा देवांगन, सृष्टिधर तिवारी, संतोष गुप्ता एवं भारी संख्या में नगर के श्रोता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण सेत मसीह ने दिया और प्रस्तावना प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज महतो ने रखी। कार्यक्रम का संचालन भुवनेश्वरी जायसवाल ने किया।

ranjan photo
Admin

Spread the word