February 27, 2026

विद्युत ट्रांसफार्मर के केबल में लगी आग, कई क्षेत्र में आपूर्ति रही बाधित

कोरबा। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। साथ ही लोड बढ़ने से शॉर्ट सर्किट की घटनाएं भी बढ़ने लगी है। कुछ इसी तरह की स्थिति बुधवारी स्थित विद्युत सब स्टेशन के नजदीक विद्युत ट्रांसफॉर्मर में सामने आई है, जहां शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफॉर्मर के नीचे से गुजरे केबल में आग लग गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके चलते आसपास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
बुधवारी के पास विद्युत वितरण विभाग का सब स्टेशन बना हुआ है। सब स्टेशन से कुछ दूर पर ही सड़क किनारे उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। शुक्रवार की दोपहर अचानक इस ट्रांसफॉर्मर के केबल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सब स्टेशन के कर्मचारियों को दी। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। केबल में आग लगने की घटना के बाद संबंधित ट्रांसफॉर्मर से जुड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही सब स्टेशन से जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति लाइन खींची गई है, मेंटेनेंस के लिए वहां भी आपूर्ति बंद की गई थी। ट्रांसफॉर्मर के केबल में आग दिन में लगी। रात में इस तरह की घटना सामने आती तो केबल की आग ट्रांसफॉर्मर तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।

ranjan photo
Admin

Spread the word