March 17, 2026

तीन अलग-अलग झुंड में विचरण कर रहे हैं हाथी

कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में बड़ी संख्या में मौजूद हाथी तीन अलग-अलग झुंड में विचरण कर रहे हैं। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है।
वन मंडल में जहां 22 हाथियों का दल रेंज के कापा नवापारा में जमे हुए हैं। वहीं 18 हाथी लालपुर क्षेत्र में सक्रिय है, जबकि पांच हाथी चोटिया क्षेत्र पहुंच गए हैं। पांच हाथियों का यह दल बीती रात चोटिया -चिरमिरी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया था। हाथियों के मुख्य मार्ग पर पहुंचने के कारण अफरा-तफरी मच गयी और वाहनों की रफ्तार थम गई। आने जाने वाले लोग हाथियों की वजह से लगे जाम में फंसे रहे और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और मुख्य मार्ग पर मौजूद हाथियों को खदेड़ा तब आवागमन सामान्य हुआ और लोग अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए। इस बीच सूरजपुर से आए लोनर हाथी का लोकेशन परला क्षेत्र में मिलने पर वन विभाग का अमला क्षेत्र में पहुंचकर लोनर की निगरानी में जुट गया है। इधर कोरबा वन मंडल के गेराव क्षेत्र में दो हाथी अभी भी विचरण कर रहे है। वन विभाग के लिए राहत की बात है कि क्षेत्र में दो दिनों तक मौजूद रहने बावजूद हाथियों ने कोई नुकसान नही पहुंचाया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word