March 17, 2026

खैरभवना डूबान में मिली युवती की लाश का किया गया अंतिम संस्कार

कोरबा। सतरेंगा के खैरभवना डूबान मे एक युवती की लाश तैरते मिली। पुलिस ने शव को निरीक्षण किया तो सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। मौके से थोड़ी दूर चप्पल और खून का निशान मिला। प्रथम दृष्टया मामला कत्ल के बाद शव ठिकाने लगाने का प्रतीत हो रहा था। पुलिस मृतिका की पहचान कार्रवाई का प्रयास कर रही थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। आखिरकार पुलिस ने विधि विधान से मृतिका का अंतिम संस्कार कर दिया है।
मामला सोमवार की सुबह सामने आया था। दरअसल लेमरू थाना अंतर्गत सतरेंगा के ग्रामीण प्रतिदिन की तरह नित्यकर्म के लिए खैरभवना डूबान की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रही युवती की लाश पर गई। मृतिका लाल रंग के शूट पहनी हुई थी। सूचना मिलने पर लेमरू पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। जब शव का निरीक्षण किया गया तो उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे रक्तस्त्राव हुआ था। मृतिका के दायें हाथ मे अंग्रेजी के अक्षर से गोदना में शंकर लिखा हुआ था। इसके अलावा मौके से महज चंद कदम दूर खून के धब्बे और मृतिका का चप्पल बरामद हुआ। जिससे मामले को हत्या कर शव ठिकाने लगाने के नजरिया से देखा जा रहा था। मामले की तह तक जाने मृतिका की पहचान कार्रवाई जरूरी थी। इसके लिए शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया था। पुलिस चार दिनों तक लगातार मृतिका की पहचान के लिए प्रयास करती रही। जहां जिले के तमाम थाना चौकियों से जानकारी जुटाई गई, वहीं पड़ोसी जिला पुलिस से भी संपर्क किया गया, लेकिन मृतिका की पहचान नहीं हो सकी। आखिरकार शुक्रवार की दोपहर पुलिस ने निगम व मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सफाई कर्मियों के मदद से मृतिका का विधि विधान से अंतिम संस्कार करा दिया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word