March 27, 2026

सड़क दुर्घटना में कृषि विस्तार अधिकारी की पत्नी की दर्दनाक मौत

0 बोलेरो में स्कूटी फंसने के बाद भी 500 मीटर तक सवार महिला को घसीटा
कोरबा।
जिले की सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों में लोगों की जान जा रही है। मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बोलेरो में स्कूटी फंसने के बाद भी 500 मीटर तक सवार महिला को घसीटा। बोलेरो सड़क से उतरकर दो पेड़ को उखाड़ते हुए आगे जाकर थमी। चालक की लापरवाही से दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पाली-पोड़ी मार्ग में सुबह लगभग 6.30 बजे हुआ। नगर पंचायत पाली के वार्ड -2, उदय नगर निवासी व पाली में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी विश्वेश दुबे की धर्मपत्नी स्वाति दुबे (30) डीएवी पब्लिक स्कूल में पदस्थ थीं। प्रात: किसी कार्य से अपनी स्कूटी पर सवार होकर गईं थी और वापस लौटते समय पाली-पोड़ी मार्ग पर नानपुलाली के पास काफी तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए अपनी साइड छोड़कर गलत दिशा में जाकर स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी समेत सवार स्वाति दुबे को करीब 500 मीटर तक घसीटने के बाद भी बोलेरो थमी नहीं, बल्कि सड़क से उतरकर दो बड़े वृक्ष को उखाड़ते हुए थमी। हादसे में स्वाति दुबे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की खबर फैलते ही सहकर्मियों समेत पूरे पाली नगर में शोक व्याप्त हो गया। सूचना पर पाली पुलिस घटना स्थल पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई बाद शव को पोस्टपार्टम के लिए भिजवाया। अंतिम संस्कार हेतु शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
0 डेढ़ वर्ष के भीतर तीसरी दु:खद घटना
पाली में पदस्थ (मूलत: रायपुर निवासी) कृषि विस्तार अधिकारी विश्वेश दुबे काफी मिलनसार हैं। उनके परिवार में डेढ़ वर्ष के भीतर यह तीसरी दु:खद घटना हुई है। करीब डेढ़ साल पहले इनके पिता दिवंगत हुए और अभी 6 माह पहले ही बड़े भाई का देहावसान हुआ है। इन दो घटनाओं से दुबे परिवार पूरी तरह उबर नहीं पाया है कि आज सुबह दर्दनाक हादसे में धर्मपत्नी का भी साथ छूट गया। स्वाति दुबे की मौत से 3 वर्षीय पुत्री व 8 वर्षीय पुत्र के सिर से मां का साया छिन गया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word