April 14, 2026

बेतहाशा गर्मी से बिगड़ रही लोगों की सेहत, अस्पतालों की ओपीडी मरीजों से अटी

कोरबा। जिले में बढ़ते तापमान के कारण हालात विस्फोटक हो गए हैं। यहां रोजाना कहीं न कहीं परेशान करने वाली घटनाएं सामने आ रही है। स्थिति इतनी खतरनाक है कि इसका अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों का शरीर और अधिक गर्मी बर्दाश्त करने के लायक नहीं बचा है। ऐसे में उनके सामने विपरित परिस्थितियां निर्मित हो रही है। लू लगने, बुखार और और चक्कर खाकर गिर पड़ने के मामले ज्यादा हो गए हैं। ऊपर से गलत खानपान के कारण उल्टी-दस्त की शिकायत अलग है ही। मेडिकल कॉलेज हास्पिटल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों की ओपीडी ऐसे मरीजों से अटी पड़ी है। वार्ड में भी हालात कुछ ऐसे हैं वहां नो बेड की स्थिति है, नए मरीजों को प्रवेश देने लायक जगह नहीं बची है।
पावर सिटी में गर्मी के पिछले सारे रिकॉर्ड ब्रेक होते नजर आ रहे हैं। जेठ के पहले पखवाड़े में ही तापमान का पारा 44 डिग्री को पार कर गया है। ऐसे में गर्मी बेतहाशा हो गई है और इसके चलते हर कहीं समस्याएं हैं। लोगों का बीमार पड़ना जारी है। हालात ऐसे हैं कि सरकारी और निजी अस्पतालों में न केवल मरीजों की भीड़ बढ़ रही है बल्कि वार्डों का दायरा सीमित होने से मरीजों को अब बरामदे में विकल्प दिया जा रहा है। यहां से ही उनका उपचार किया जा रहा है। बीते एक दशक में यह अब तक का ऐसा पहला मौका है जब लोगों ने गर्मी को इस तरह बढ़ते देखा है। इससे पहले कभी भी तापमान का पारा 42 के आगे नहीं गया। इस बार तो देश के दूसरे हिस्सों की तर्ज पर यहां भी तापमान एक प्रकार से बुलंदी पर है। नीत नये उसके तेवर यहां-वहां सामने आ रहे हैं। लोगों के झुलसने और कारखानों में आग लगने जैसी घटना इसी का नतीजा मानी जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि किसी भी मरीज को उपचार के लिए भटकना न पड़े इसके लिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word