February 25, 2026

चेहरे से आत्मविश्वास तक… अब प्लास्टिक सर्जरी बालको अस्पताल में


विशेषज्ञ डॉ. सी. साई कुमार देंगे मरीजों को आधुनिक इलाज
बालकोनगर । अब प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की अत्याधुनिक सेवाएं बालको अस्पताल में भी उपलब्ध हो गई हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि हाल ही में नियुक्त प्लास्टिक सर्जन डॉ. सी. साई कुमार इस विभाग की सेवाएं संभालेंगे।

डॉ. कुमार ने प्लास्टिक और पुनर्निर्माण सर्जरी की विशेष ट्रेनिंग शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टिट्यूट, इम्फाल से पूरी की है। छह वर्षों के अनुभव के साथ वे चेहरे की पुनर्निर्माण सर्जरी, जन्मजात विकृतियों जैसे कटे होंठ, जलने के बाद सुधारात्मक सर्जरी, ट्रॉमा एवं दुर्घटनाओं के बाद इलाज और कॉस्मेटिक सर्जरी में विशेषज्ञ माने जाते हैं।
बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा ने कहा कि अब मरीजों को प्लास्टिक सर्जरी के लिए बड़े शहरों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया सर्जरी केवल शारीरिक बदलाव तक सीमित नहीं है, यह आत्मविश्वास लौटाने का भी जरिया है। नाक, चेहरे, गाल, कान, ठुड्डी, होंठ और ब्रेस्ट को परफेक्ट शेप दिया जा सकता है। दुर्घटनाओं या गंभीर बीमारियों से प्रभावित लोग भी इस सर्जरी से नया जीवन पा सकते हैं।” विशेषज्ञों के अनुसार, प्लास्टिक सर्जरी में शरीर के किसी भी हिस्से का टिश्यू लेकर दूसरे अंग को नया रूप दिया जाता है। आग, तेजाब अथवा हादसों से प्रभावित लोग इसके जरिए सामान्य जीवन जी सकते हैं। वहीं आधुनिक दौर में लोग अपनी सुंदरता और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए भी इस सर्जरी का लाभ ले रहे हैं। बालको अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य जिले के लोगों को घर के नजदीक ही सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

ranjan photo
Admin

Spread the word