छिंदपुर मिडिल स्कूल में 15 अगस्त को तिरंगा न फहराने पर बवाल, प्रधान पाठक को निलंबित करने की मांग

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर ग्राम छिंदपुर के मिडिल स्कूल में तिरंगा न फहराए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस संबंध में भाजपा प्रदेश कार्यक्रम योजना प्रभारी राजेश यादव और विधायक प्रतिनिधि कृष्णनंद राठौर ने गंभीर आपत्ति जताते हुए जिम्मेदार प्रधान पाठक सागर टंडन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
राजेश यादव ने कहा कि जब पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया और स्वतंत्रता दिवस पर व्यापक जनजागरूकता फैलाई गई, तब विद्यालय में झंडा न फहराना अत्यंत निंदनीय कृत्य है। यदि शिकायत सत्य है तो प्रधान पाठक को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। विधायक प्रतिनिधि कृष्णनंद राठौर ने शिक्षा की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई का स्तर बहुत कमजोर है और चपरासी उमाशंकर पाटले अपने कर्तव्यों का पालन करने के बजाय बच्चों से सफाई करवाता है। उन्होंने इस पूरे मामले पर मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी समेत कई उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। भाजपा नेता यादव ने भी मांग की है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए छिंदपुर के प्रभारी प्रधान पाठक और चपरासी को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।