February 25, 2026

बाल सुधार गृह से 4 किशोर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जिले के कोहड़िया स्थित नए बाल संप्रेक्षण गृह से रविवार सुबह चार किशोर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि संस्था को यहां शिफ्ट हुए महज दो ही दिन हुए थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बाल सुधार गृह की कहानी ही अव्यवस्थाओं से घिरी रही है। कभी रिस्दी, तो कभी बालको और अब कोहड़िया लगातार जगह बदलने के बावजूद सुरक्षा खामियां जस की तस बनी हुई हैं। रिस्दी में किराए के भवन से कई बार किशोर फरार हो चुके थे। इसके बाद बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने नाराजगी जताते हुए भवन बदलने का निर्देश दिया था। बालको स्थित भवन में भी शिफ्टिंग की पहली ही रात दो किशोर रौशनदान तोड़कर भाग निकले थे।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालको भवन की मरम्मत पर लाखो रुपए खर्च किए थे, वहीं कोहड़िया के जर्जर भवन को भी ठेकेदार से जीर्णोद्धार कराया गया। विभागीय अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बताते रहे, लेकिन वास्तविकता यह है कि किशोरों ने बाथरूम का कमजोर रौशनदान पहचान कर वहां से भाग निकलने में सफलता पा ली।
0 छुट्टी पर अधीक्षक, विभाग मौन
संस्था की अधीक्षक दुर्गेश्वरी पांडे शिफ्टिंग के दूसरे ही दिन छुट्टी पर चली गई थीं। उनका कहना है कि पारिवारिक कारणों से वे बिलासपुर गई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही वे लौट रही हैं। नए भवन में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल पूछे जाने पर वे कोई ठोस जवाब नहीं दे सकीं। गृह की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्ट में गार्ड तैनात होने का दावा किया जा रहा है।
0 फरार किशोर आदतन अपराधी
जानकारी के अनुसार सभी चारों किशोर जांजगीर जिले के रहने वाले हैं और चोरी के मामलों में चौथी बार बाल संप्रेक्षण गृह में लाए गए थे। वे आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं और योजनाबद्ध ढंग से फरारी को अंजाम दिया। फिलहाल सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दे दी गई है और किशोरों की तलाश जारी है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word