लागोस इंटरनेशनल क्लासिक्स में आकर्शी कश्यप ने जीता रजत

0 एनटीपीसी कोरबा के सहयोग से बढ़ाया देश का मान, अब वियतनाम इंटरनेशनल सीरीज़ पर निगाहें
कोरबा। भारत की उभरती बैडमिंटन स्टार आकर्शी कश्यप ने लागोस इंटरनेशनल क्लासिक्स 2025 में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। आकर्शी को एनटीपीसी कोरबा अपनी सीएसआर पहल के तहत सहयोग प्रदान कर रहा है।
आकर्शी ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में कोरिया की गा यून पार्क को हराया और सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की खिलाड़ी पर शानदार जीत दर्ज की, जिससे वह पहले कैमरून में हार चुकी थीं। लगातार चार मैच खेलने के बावजूद आकर्शी ने फाइनल में दमदार खेल दिखाया और मामूली अंतर से स्वर्ण से चूकते हुए रजत पदक अपने नाम किया। जीत के बाद आकर्शी ने कहा, यह उपलब्धि एनटीपीसी कोरबा और मेरे शुभचिंतकों के निरंतर समर्थन के बिना संभव नहीं थी। यह अनुभव मुझे और मेहनत करने और बड़ी सफलता लाने के लिए प्रेरित करता है। आकर्शी की अगली चुनौती वियतनाम इंटरनेशनल सीरीज़ है, जो 9 से 14 सितंबर तक आयोजित होगी। उनका लक्ष्य है कि इस प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर देश को और गौरव दिलाएं।