स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपाली में रजत जयंती कार्यक्रम सम्पन्न

जमनीपाली। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय जमनीपाली में राज्य गठन की रजत जयंती धूमधाम से मनाई गई। रंग-बिरंगे पोस्टरों से सजे विद्यालय परिसर में पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास छाया रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ कला व्याख्याता रेखा सिंह के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने राज्य की स्थापना, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, प्राकृतिक संपदा, कला-संस्कृति और लोक धरोहर पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की भूमिका को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया त्रि-आयामी (3डी ) मॉडल रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को उनके मुख्यालय, जनसंख्या, पर्यटन स्थल और सांस्कृतिक विरासत सहित दर्शाया गया। इसे देखने बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और अभिभावक पहुंचे और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में निकिता साहू प्रथम, महिमा चौहान द्वितीय और प्रियांशा कुजुर तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में इशिता राठौर ने प्रथम, दान्यता सपाहा ने द्वितीय और देविका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा निखारने के साथ-साथ उनमें राज्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाते हैं।