February 4, 2026

नशे में युवक ने 7 साल की बच्ची को ड्रम में फेंका, परिजन और ग्रामीणों ने बचाई जान


कोरबा । सीतामणी क्षेत्र में एक नशे में धुत युवक ने 7 साल की बच्ची को जबरन नीले ड्रम में डाल दिया। परिजनों की तत्परता और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बच्ची सुरक्षित बाहर निकाल ली गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी युवक की पहचान सीतामणी निवासी सूरज मांझी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने कहा कि वह बच्ची के साथ मजाक कर रहा था। घटना के समय उसके साथ दो अन्य युवक भी थे, जो मौके पर ग्रामीणों को देख भाग गए।
बच्ची की मां ने बताया कि वह घर पर काम कर रही थी और उसकी बेटी पड़ोस की बच्ची के साथ खेल रही थी। तभी पड़ोस की बच्ची दौड़कर आई और बताया कि किसी ने उसकी बेटी को ड्रम में डाल दिया है। इसके बाद मां तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शोर मचाया। ग्रामीणों ने आरोपी सूरज मांझी को पकड़ लिया और बच्ची को ड्रम से बाहर निकाला। इसके बाद 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले आई। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक नशे में था और अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया जाता तो बच्ची की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word