गांधी जयंती पर ग्रामसभा, ग्रामवासियों ने पारित किए महत्वपूर्ण प्रस्ताव

हरदीबाजार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता गौंटिया मदनमोहन सिंह कंवर ने की, जिसमें सरपंच लोकेश्वर कंवर, सचिव बिसाहूराम, पंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर व स्वच्छता शपथ से हुई। प्रतिनिधियों ने गांव के वरिष्ठजनों का तिलक व श्रीफल भेंटकर सम्मान भी किया। ग्रामसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि एसईसीएल दीपका प्रबंधन द्वारा बिना सूचना किए गए ड्रोन सर्वे को निरस्त किया जाए तथा निजी व शासकीय भूमि पर बने मकानों का उचित नापी सर्वे कर मुआवजा दिया जाए। साथ ही यह भी तय किया गया कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का सर्वे कार्य न किया जाए, भारी ब्लास्टिंग पर रोक लगे और हरदीबाजार को सर्वसुविधायुक्त बसाहट घोषित किया जाए। ग्रामवासियों ने दीपका सीजीएम संजय मिश्रा एवं राजस्व नोडल अधिकारी मितेश मधुप को हटाने की मांग भी की। सभा में मितानिन अनुसुइया राठौर की बहाली को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामसभा में विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, पूर्व जनपद सदस्य अनिल टंडन, विजय जायसवाल, प्रेम डिक्सेना, राजेश जायसवाल, सीताराम ओढ़े, इंद्रभूषण ओंडे, प्रियंका जायसवाल, राजेन्द्र जगत, मनमोहन खांडे, धर्मेन्द्र साहू, विनोद उपाध्याय, राजाराम राठौर, मितेश सोनी, समारू केंवट, लखन महंत, उमेश भारद्वाज, कृष्णा राज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सचिव बिसाहूराम ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

0 हरदीबाजार में अधिग्रहित भूमि पर आज होगी त्रिपक्षीय वार्ता
कोरबा। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी पाली द्वारा ग्राम हरदीबाजार के ग्रामीणों को अधिसूचित किया गया है कि अधिग्रहित भूमि एवं परिसंपत्तियों के सर्वे कार्य को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जाएगी। यह बैठक 04 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 12 बजे तहसीलदार कार्यालय हरदीबाजार में होगी। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर कोरबा करेंगे। इसमें एसईसीएल प्रबंधन, ग्रामवासी तथा राजस्व प्रशासन शामिल होंगे। इसके अलावा बैठक में तहसीलदार हरदीबाजार एवं थाना प्रभारी हरदीबाजार सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुरुष एवं महिला बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। महाप्रबंधक एसईसीएल दीपका को वार्ता हेतु आवश्यक बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अर्जन से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जाएंगे। ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच एवं जनपद सदस्य पाली को भी बैठक में उपस्थित रहने कहा गया है। जिसकी सुचना कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर कटघोरा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कटघोरा को प्रेषित किया गया है।