February 25, 2026

जेपी कॉलोनी में दिखा दुर्लभ बिल्ली सांप, टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू


कोरबा। जिला सच मायने में जैव विविधता से परिपूर्ण है। यहां आए दिन दुर्लभ प्रजातियों के जीव-जंतु और सांप मिलने से यह बात फिर साबित होती है। ऐसा ही एक मामला मानिकपुर क्षेत्र के जे.पी. कॉलोनी में देखने को मिला, जहां एक घर में दुर्लभ प्रजाति का सांप दिखाई देने से लोगों में हलचल मच गई।


पार्षद प्रतिनिधि सुशील गर्ग ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम रात करीब 9:30 बजे जे.पी. कॉलोनी निवासी दया शंकर मिश्रा के घर पहुंची। वहां राशन सामग्री के बीच काले-सफेद रंग का सांप बैठा मिला, जिसकी पहचान फॉर्स्टेन कैट स्नेक के रूप में की गई। इसे स्थानीय भाषा में बिल्ली सांप या चिंगराज भी कहा जाता है। यह प्रजाति कोरबा क्षेत्र में पहले भी पाई जा चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सांप हल्का जहरीला होता है, लेकिन इंसानों के लिए घातक नहीं होता। टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित थैले में रखा और आसपास के लोगों को इसके बारे में जानकारी दी, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word