जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सीएमएचओ का औचक निरीक्षण

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर इमलीडुग्गू, सीतामणी सहित जिले के 15 ब्लॉकों में स्थित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. केशरी ने अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी लैब, वैक्सीन कक्ष एवं दवा भंडार की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्य स्थिति तथा अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने सभी संस्थाओं में एनसीडी, सिकलसेल, आयुष्मान भारत, किशोर स्वास्थ्य क्लीनिक जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों के बेहतर संचालन और उनकी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रिपोर्टिंग समय पर करने के निर्देश दिए। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बुखार, सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों की सभी आवश्यक दवाएं स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, और सेवा गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। डॉ. केशरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।