21 से बजेगी शहनाई: नवंबर में 7 व दिसंबर में सिर्फ 4 मुहूर्त

0 शिव-पार्वती, श्रीराम विवाहोत्सव के साथ शादियों का सिलसिला शुरू, खरमास होने से जल्द लगेगा डेढ़ महीने का ब्रेक
कोरबा। मार्गशीर्ष महीने के आरंभ के साथ ही एक बार फिर से विवाह जैसे मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 21 नवंबर से शहनाइयां बजनी शुरू हो जाएंगी, हालांकि यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी, क्योंकि जल्द ही खरमास और शुक्र अस्त के कारण विवाह जैसे कार्यों पर लगभग डेढ़ महीने का विराम लग जाएगा। ज्योतिषाचार्य के अनुसार मार्गशीर्ष माह को भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय महीना माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इसी महीने में शिव-पार्वती और श्रीराम-सीता के विवाह हुए थे, जिसके कारण इस माह से विवाह की परंपरा शुरू हुई। इस दौरान विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे सभी मांगलिक कार्यों को करना बहुत शुभ माना जाता है। कन्याओं के लिए (गुरु बल) वृश्चिक, मकर एवं मीन राशि वाली कन्याओं के लिए नवंबर माह में गुरु ग्रह का बल प्राप्त होने से विवाह करना शुभ रहेगा। वर के लिए (सूर्य बल) मिथुन, कन्या, मकर, कुंभ राशि वाले वर लडक़ों के लिए सूर्य ग्रह का बल प्राप्त होने से विवाह करना शुभ रहेगा। 10 दिसंबर के बाद खरमास और शुक्र अस्त के कारण विवाह आदि मांगलिक कार्य डेढ़ महीने के लिए रुक जाएंगे। अगला शुभ समय फरवरी 2026 से फिर शुरू होगा। सूर्य 20 नवंबर से लेकर 6 दिसंबर तक विवाह के लिए शुभ मुहूर्त प्रदान करेंगे। इसके बाद सूर्य वृद्धावस्था में आ जाएंगे। सूर्य धनु राशि में पौष कृष्ण 12 मंगलवार 16 दिसंबर को प्रवेश करेंगे, जिसके साथ ही खरमास लग जाएगा। यह 14 जनवरी 2026 जोकि मकर संक्रांति शुरू होगा, तक रहेगा, इस एक महीने तक शुभ कार्य वर्जित रहेंगे।
0 ये हैं विवाह मुहूर्त
नवंबर:21, 22, 23, 24, 25, 29, 30 (7दिन)
दिसंबर: 4, 5, 6, 10 (4दिन)