दो तहसीलदारों पर नशे में धुत युवकों का हमला, सिर पर आई गंभीर चोटें

0 ड्राइवर से पार्किंग विवाद के बाद बढ़ा मामला, चार आरोपी पुलिस हिरासत में
कोरबा। प्रशासनिक अमले के दो अधिकारियों के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु पर छह युवकों ने हमला कर दिया, जिसमें दोनों अधिकारियों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की है।
रात दोनों तहसीलदार अपनी-अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से राजेश ब्यूटी पार्लर सैलून पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तहसीलदारों के ड्राइवर से पार्किंग को लेकर कुछ नशे में धुत युवकों का विवाद हुआ। इसी दौरान जब दोनों अधिकारी बाहर आकर युवकों को समझाने लगे तो विवाद बढ़ गया और युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों तहसीलदारों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य युवकों की तलाश जारी है। सूत्रों के अनुसार, दोनों तहसीलदारों को उनके पटवारी त्रिलोक सोनवानी ने बताया था कि आदर्श नगर स्थित उक्त सैलून में नस और हाथ-पैर दर्द के लिए चिकित्सीय मालिश की जाती है। इसी कारण वे वहां पहुंचे थे। लेकिन संयोगवश उसी समय पार्किंग के विवाद ने पूरे घटनाक्रम को हिंसक बना दिया।