एचटीपीएस कोरबा पश्चिम : सिपेट की मदद से प्रभावित 11 गांवों के युवाओं को मिला रोजगारमूलक प्रशिक्षण

0 कॉरपोरेट पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के तहत आयोजित पांच दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम संपन्न
कोरबा। हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम की ओर से नई परियोजना 2×660 मेगावाट विद्युत संयंत्र से प्रभावित गांवों के युवाओं के लिए केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के सहयोग से पांच दिवसीय रोजगारमूलक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के कॉरपोरेट एनवायरमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से कंपनी प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए कार्य कर रही है। आने वाले समय में कंपनी प्रभावित ग्राम लोतलोता, स्याहीमुड़ी, चुईया, जमनीपाली, झाबू, पंडरीपानी, नवागांव-कला, डिंडोलभाठा, बिरवट, डोडकधरी और चिरहुट में सीईआर गतिविधियों का विस्तार करेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ। पहले चरण में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोजगारमूलक कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया, जबकि दूसरे चरण में 3 से 4 नवंबर तक आईटीआई के विभिन्न ट्रेड्स की जानकारी और करियर काउंसलिंग आयोजित की गई। समापन समारोह में एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता मुख्य अतिथि रहे, जबकि परियोजना प्रबंधक सुधीर पंड्या विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिपेट कोरबा के प्रबंधक राजीव कुमार लिल्हारे ने की। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 20-20 युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सिपेट द्वारा प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्लास्टिक उत्पाद निर्माण तकनीक, मशीनों की कार्यप्रणाली, रखरखाव एवं कंप्यूटर संचालन के साथ-साथ कन्वेंशनल मशीनिंग और कंप्यूटर न्यूमेरिक कंट्रोल मशीनिंग का भी प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा स्याहीमुड़ी स्थित शासकीय हाईस्कूल में बच्चों के लिए सेमिनार एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संयोजन अधीक्षण अभियंता सुमित सिंह और कार्यपालन अभियंता मनोज मिश्रा द्वारा किया गया।