वात्सल्य पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

कोरबा। बाल दिवस के अवसर पर वात्सल्य पब्लिक स्कूल कोहड़िया में रंगारंग सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों का आकर्षक आयोजन किया गया। नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। सुबह से ही विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा और उल्लास से गुलजार रहा। कार्यक्रम की शुरुआत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई, जिसमें बच्चों ने छत्तीसगढ़ महतारी, डाकिया, ट्रैफिक सिग्नल, सावित्रीबाई फुले, बुढ़ा देव, स्पाइडर मैन सहित विभिन्न किरदारों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इन प्रदर्शनों ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश भी दिए। इसके बाद सोलो डांस, भाषण, कविता पाठ और मनोरंजन खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन शैली मैडम और मंजू यादव ने कुशलतापूर्वक किया। प्रधानपाठिका मोनिका मैडम ने बाल दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों का सर्वांगीण

विकास सांस्कृतिक गतिविधियों से और अधिक निखरता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों व शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। पूरे आयोजन में बच्चों एवं अभिभावकों का उत्साह देखने लायक रहा ।