बिलासपुर संकुल स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

0 केवी क्रमांक 2 एनटीपीसी ने हासिल किए अनेक पुरस्कार
कोरबा। बिलासपुर संकुल स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 15 नवंबर को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र–छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी श्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्साह, उमंग और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ। स्वागत गीत की मधुर धुनों के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने दर्शकों का मन मोह लिया। सबसे पहले समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया, जिसमें बच्चों ने लोक और आधुनिक नृत्यों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। सभी विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अनुशासन व टीमवर्क का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समूह गायन और रोल प्ले (बालिका वर्ग) में प्रथम स्थान,एकल गायन (बालिका वर्ग) में द्वितीय स्थान एवं एकल गायन (बालक वर्ग) में तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। निर्णायक मंडल में गणेश बरेठ, मुरारी लाल साहू, मिथिलेश यादव, अनामिका मिश्रा, वीरेंद्र सिंह उइके तथा वर्षा शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य सुमित कुमार चौधरी ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्राथमिक विभाग प्रभारी मालश्री बल्हाल ने कार्यक्रम की जानकारी प्रस्तुत की तथा संगीत शिक्षक अशोक देवांगन ने आभार व्यक्त किया।