भूमि कार्य के नाम पर 2.20 लाख की उगाही, पीड़ित ने कोतवाली में दी लिखित शिकायत

कोरबा। देवांगन मोहल्ला, पुरानी बस्ती निवासी शत्रुधन सिंह राजपूत ने भूमि संबंधी कार्य कराने के नाम पर 2 लाख 20 हजार रुपये की उगाही और धमकी दिए जाने की शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि डिपरा पारा, मानिकपुर निवासी दिलीप मिरी ने राजस्व नक्शा, सीमांकन और नामांतरण आदि करवाने का झांसा देकर 18 से 25 अक्टूबर के बीच तीन किश्तों में कुल 2,20,000 ले लिए। इसके अलावा प्रति डिसमिल 20,000 अतिरिक्त रकम की मांग कर लगातार दबाव और भयादोहन किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर दिलीप मिरी ने उन्हें झूठे जातिगत मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित ने कहा कि न तो कोई रसीद दी गई और न ही कोई काम कराया गया, उल्टे जमीन पर जाने पर गाली-गलौज और धमकियां दी जाती हैं। शत्रुधन सिंह ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने, वसूली गई रकम वापस दिलाने और भविष्य में किसी प्रकार का दबाव न बनाने की मांग की है।