February 4, 2026

ठिठुरन बढ़ी पर चौक चौराहों में अब तक नहीं जले अलाव


कोरबा। मौसम ने मिजाज बदल गया है। दिन में धूप और शाम के बाद ठंडी हवा चलने से शहरी क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ी है। तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। लोग ठंड से बचने के लिए दिन में भी गरम कपड़े पहने हुए नजर आने लगे हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अभी तक चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
अलसुबह ठंड अधिक रही। नदी, तालाब, नहर के आसपास कोहरा छाया रहा। इस दौरान मार्ग की दृश्यता कम रही। सुबह सात बजे के बाद धूप निकलने के साथ ही कोहरा छटा। दिन चढ़ने के साथ तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। ठंड के बीच धूप लोगों को सुहावनी लगी। अब हालत ऐसे है कि शाम बाद के बाद हल्की ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की की जा रही है। लेकिन शहरी क्षेत्र में अलाव की सुविधा इस बार नहीं की गई है। इसकी वजह से देर शाम के बाद नया बस स्टैंड, पुराना स्टैंड पर बस से उतरने और कोरबा से सफर करने वाले यात्री को परेशानी हो रही है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर, कोसाबाड़ी, बुधवारी सहित अन्य स्थानों से भारी वाहन चालक और परिचालको को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अलाव नहीं होने से उन्हें स्वयं से आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। मौसम विभाग ने जिले का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इधर ठंड का असर कारोबार पर भी पड़ने लगा है। शाम के बाद लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं और घर पर ही दुबककर ठंड बचने का प्रयास कर रहे हैं। इसकी वजह से शाम के बाद बाजार में चहल-पहल कम होने लगी है। रात 8.30 बजे के बाद शहरी क्षेत्र के कई मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीण व वनाचंल इलाके में ठंड का अहसास अधिक होने लगा है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word