March 25, 2026

सर्वमंगला–कनबेरी मार्ग पर दो भीषण हादसे, अवैध पार्किंग और अंधेरे ने बढ़ाया खतरा


कोरबा। सर्वमंगला कनबेरी मार्ग पर दो दिनों के भीतर दो भीषण हादसों ने फिर सड़क सुरक्षा और अवैध पार्किंग की अव्यवस्था को उजागर कर दिया। रविवार देर रात सोनपुरी पुल के पास खड़ी ट्रेलर से कोयला लोड ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। सोमवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच बटरामपुर क्षेत्र में डीजल टैंकर सीजी 11 बीएल 1909 और राखड़ लोड ट्रक सीजी 04 ओजी 4600 में आमने-सामने की टक्कर हो गई। राखड़ ट्रक का चालक केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के प्रयास जारी रहे। घटना के तुरंत बाद डायल 112 और उरगा पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां दुर्घटना हुई वहां बड़ी संख्या में ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है। वहीं, सर्वमंगला–कनबेरी मार्ग पर सड़क निर्माण तो पूरा हो चुका है, लेकिन स्ट्रीट लाइट की कमी और धूल–धुंध के कारण अंधेरा और कम दृश्यता बनी रहती है। लगातार हो रहे हादसों से लोग दहशत में हैं और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word