गुरसिया पुल में बड़ा सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई तेज रफ़्तार पिकअप

0 3 घंटे तक यातायात रहा ठप
गुरसिया । कटघोरा से अंबिकापुर मार्ग नेशनल हाइवे-130 पर गुरसिया पुल के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहले से ब्रेक-डाउन खड़े ट्रेलर में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पिछले तीन घंटे से हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे वाली पिकअप में चावल का भारी मात्रा लोड पाया गया है, हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है। वहीं पुलिस मौके पर मौजूद रही और यातायात सुचारू करने के लिए जेसीबी व अन्य संसाधनों की मदद से पिकअप को हटाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर खड़े ब्रेक-डाउन वाहनों के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है, लेकिन उचित व्यवस्था न होने से यात्रियों को जोखिम उठाना पड़ता है।